सरकारी जमीन से कब्जा हटाने पहुंची लेखपाल से अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा, तीन नामजद समेत अन्य पर एफआईआर

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


पशुचर भूमि से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान हुआ विवाद, धमकी देकर लौटाया वापस
आजमगढ़। सदर तहसील क्षेत्र के कोठरा गांव में सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान लेखपाल के साथ अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा और धमकी देने का मामला सामने आया है। लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद समेत अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


तहसील सदर में तैनात लेखपाल कोमल कुमारी 31 जुलाई को पशुचर (चारागाह) भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की जांच और बेदखली नोटिस की कार्रवाई के लिए कोठरा गांव पहुंची थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव के साधना पत्नी आशीष, आशीष कुमार, मनीराम पुत्र राजपति तथा एक अन्य व्यक्ति ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की।


सरकारी अभिलेख छीनने और धमकी देने का आरोप
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने सरकारी अभिलेख (फाइल) छीनने का प्रयास किया, लेखपाल के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और कार्रवाई रोकने का दबाव बनाया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। हालात ऐसे बन गए कि लेखपाल को सरकारी कार्य अधूरा छोड़कर वापस लौटना पड़ा।


तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज
घटना के बाद लेखपाल ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। विवेचना की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार प्रजापति को सौंपी गई है।


जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सरकारी कार्य में बाधा और राजस्व विभाग के कर्मचारियों के साथ अभद्रता की घटना को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *