आजमगढ़: पैतृक मकान के विवाद में दो पक्ष आमने-सामने, दोनों ओर से एफआईआर दर्ज

आजमगढ़ शहर

शहर कोतवाली के बाजबहादुर मोहल्ले की घटना, जाँच में जुटी पुलिस


आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के बाजबहादुर मोहल्ले में पैतृक मकान और निर्माण कार्य को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने दोनों तहरीरों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष के मो. अनस पुत्र अब्दुल कुद्दूस का आरोप है कि 28 जुलाई 2026 को वह अपने मकान की मरम्मत करा रहे थे। इसी दौरान रंजीश के चलते विपक्षी पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मरम्मत कार्य रुकवाने लगे। विरोध करने पर कुल्हाड़ी, लाठी-डंडे और अन्य वस्तुओं से हमला कर दिया, जिससे उन्हें और बीच-बचाव करने आए उनके परिजन को चोटें आईं। पीड़ित ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
वहीं दूसरे पक्ष के मो. आमिर पुत्र अब्दुल सलाम ने दर्ज कराई गई एफआईआर में कहा है कि पैतृक मकान का विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि विपक्षी पक्ष जबरन निर्माण करा रहा था। रोकने पर पहले से टांगी, लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से लैस लोगों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह और उनके पिता घायल हो गए। उन्होंने भी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल, साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर निष्पक्ष विवेचना कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *