
ढाई महीने की दोस्ती के बाद शादी को लेकर बिगड़ी बात, पुलिस की काउंसलिंग से बनी सहमति, बाबा पालदास मंदिर में दोनों ने लिए फेरे
आजमगढ़। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती कब प्यार में बदल गई, इसका अंदाजा युवक-युवती को भी नहीं हुआ। करीब ढाई महीने की बातचीत के बाद जब रिश्ता शादी तक पहुंचा तो युवक के शादी से इनकार करने पर मामला थाने पहुंच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर घंटों काउंसलिंग और पंचायत कराई।
बातचीत के बाद दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए। इसके बाद अहरौला ब्लॉक के पास स्थित बाबा पालदास मंदिर में युवक-युवती का विधि-विधान से विवाह कराया गया।
इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी दोस्ती
अहरौला थाना क्षेत्र के कोठवा जलालपुर गांव निवासी गरिमा (23) की करीब ढाई महीने पहले अरूषा गांव निवासी सूरज (25) से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती थी, लेकिन धीरे-धीरे दोनों की बातचीत बढ़ती गई। कुछ समय बाद यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई।
दोनों के बीच बढ़ती नजदीकियों की जानकारी जब गरिमा के परिजनों को हुई तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए अहरौला थाने में शिकायत की और कार्रवाई की मांग की।
शादी से इनकार के बाद थाने पहुंचा मामला
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने युवक और युवती समेत दोनों पक्षों को थाने बुलाया। बताया गया कि बातचीत के दौरान शादी को लेकर दोनों पक्षों में सहमति नहीं बन पा रही थी। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में काफी देर तक दोनों पक्षों की काउंसलिंग की गई और पंचायत के जरिए मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया।
घंटों चली बातचीत के बाद युवक और युवती दोनों शादी के लिए सहमत हो गए। परिवार के लोगों ने भी आपसी सहमति से विवाह कराने पर हामी भर दी।
बाबा पालदास मंदिर में कराया गया विवाह
दोनों पक्षों की सहमति बनने के बाद अहरौला ब्लॉक के पास स्थित बाबा पालदास मंदिर में युवक और युवती का विवाह कराया गया। मंदिर में दोनों ने विधि-विधान से विवाह की रस्में पूरी कीं। इसके बाद गरिमा अपने पति सूरज के साथ ससुराल चली गई।
गरिमा और उसके पिता के अनुसार, थाने में हुई सहमति के मुताबिक फिलहाल दोनों साथ रहेंगे। दोनों की कोर्ट मैरिज भी कराई जाएगी। वहीं, लड़के पक्ष की ओर से तीन साल के भीतर बारात लेकर सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार विधिवत विवाह करने का भरोसा दिया गया है।
लड़के के पिता ने भी दी सहमति
सूरज के पिता त्रिवेणी ने भी दोनों पक्षों के बीच हुई सहमति की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि परिवार की सहमति से दोनों का विवाह कराया गया है और आगे सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार विवाह की प्रक्रिया पूरी करने पर भी सहमति बनी है।
पुलिस की काउंसलिंग के बाद बनी बात
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की आपसी सहमति से विवाह हुआ है। मामले में दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत और काउंसलिंग की गई थी। इसके बाद युवक-युवती और उनके परिजनों की सहमति से मंदिर में विवाह कराया गया।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई करीब ढाई महीने पुरानी दोस्ती का प्यार में बदलना, शादी को लेकर विवाद के बाद मामला थाने तक पहुंचना और फिर पुलिस की काउंसलिंग के बाद मंदिर में दोनों का विवाह होना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।