

आजमगढ़। आजमगढ़ की पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शीला श्रीवास्तव, पत्नी स्वर्गीय गिरीश चन्द्र श्रीवास्तव, का मंगलवार सुबह लखनऊ के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं और उनका उपचार चल रहा था।
उनके निधन की सूचना मिलते ही जिले में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन को आजमगढ़ के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।
उनका पार्थिव शरीर मंगलवार को आजमगढ़ लाया गया। कुर्मी टोला स्थित उनके आवास पर पार्थिव शरीर पहुंचते ही अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लग गया। जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारियों तथा बड़ी संख्या में नगरवासियों ने उनके आवास पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। पूरे क्षेत्र में गमगीन माहौल बना रहा।

शीला श्रीवास्तव अपने कार्यकाल के दौरान नगर के विकास कार्यों, जनहित की योजनाओं और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए जानी जाती थीं। उनके निधन से आजमगढ़ ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और समाजसेवी व्यक्तित्व को खो दिया है।