
शिक्षक आंदोलन के शिल्पी वेदपाल सिंह को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की श्रद्धांजलि सभा में शिक्षक समाज ने किया नमन
आजमगढ़। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व महामंत्री, अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय सलाहकार एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष रहे स्वर्गीय वेदपाल सिंह को बुधवार को शहर के आराजीबाग स्थित शिक्षक सदन के भोला सिंह सभागार में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शिक्षक समाज, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
‘पदचिह्न बनाने वालों में थे वेदपाल सिंह’
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि स्वर्गीय वेदपाल सिंह का पूरा जीवन शिक्षक समाज के अधिकार, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा, “कुछ लोग पदचिह्नों पर चलते हैं और कुछ स्वयं पदचिह्न बनाते हैं। वेदपाल सिंह उन महान व्यक्तित्वों में थे जिन्होंने अपने संघर्ष, संगठन क्षमता और दूरदर्शी नेतृत्व से शिक्षक आंदोलन को नई दिशा दी। उनका जीवन सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।”
‘शिक्षक हितों के लिए जीवनभर संघर्ष किया’
भाजपा नेता अखिलेश मिश्र ‘गुड्डू’ ने कहा कि स्वर्गीय वेदपाल सिंह ने पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ शिक्षक हितों की लड़ाई लड़ी। उनका सादा जीवन, उच्च विचार और संगठन के प्रति समर्पण नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव ने कहा कि वेदपाल सिंह ने अपने संघर्षशील नेतृत्व और संगठनात्मक क्षमता के बल पर शिक्षक समाज को सम्मानजनक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका निधन शिक्षक समाज ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
‘संगठन ने अपना अभिभावक खो दिया’
सभा की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि संगठन ने अपना एक ऐसा अभिभावक खो दिया है, जो समय-समय पर संगठन को सही दिशा और मार्गदर्शन देता था। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों और सिद्धांतों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सभा को भाजपा नेता जयनाथ सिंह, दीवानी बार अध्यक्ष प्रभाकर सिंह, मंत्री अनुराग दीक्षित, गिरीश चंद्र चतुर्वेदी, नरेंद्र सिंह, इफ्तेखार काशीपुरी, रमेश सिंह, जनार्दन सिंह और रामबचन यादव सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। सभी ने स्वर्गीय वेदपाल सिंह के व्यक्तित्व, संघर्ष और शिक्षक आंदोलन में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री जितेंद्र राय ने किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष राजेंद्र यादव, उपेंद्र शुक्ला, रणंजय सिंह, डॉ. चन्द्रभान सिंह, उमाशंकर सिंह, मंजूलता राय, प्रमोद लाल श्रीवास्तव, अवधराज सिंह, अनिल सिंह, शैलेश राय, डॉ. राजेश सिंह, वकील मौर्य, प्रियंका श्रीवास्तव, यशवंत सिंह, सत्यप्रकाश सिंह, हरिप्रसाद सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षक नेता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।