आजमगढ़ में पशु चोरी, तस्करी व गोकशी के खिलाफ बड़ा अभियान, 45 चिन्हित अपराधियों पर कार्रवाई के लिए 11 टीमें रवाना

आजमगढ़ शहर

चिन्हित अपराधियों के यहां दबिश में जुटी रही पुलिस टीमें
आजमगढ़। जनपद में पशु चोरी, पशु तस्करी एवं गोकशी जैसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने नगर सर्किल में व्यापक अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के मार्गदर्शन में यह विशेष कार्रवाई की गई।


अभियान के तहत इन अपराधों में संलिप्त 45 चिन्हित अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए 11 पुलिस टीमों का गठन किया गया। क्षेत्राधिकारी नगर ने सभी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश और ब्रीफिंग देने के बाद एक साथ विभिन्न स्थानों पर दबिश के लिए रवाना किया।


पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य यह सत्यापित करना है कि चिन्हित अपराधी अभी भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हैं या अपराध का रास्ता छोड़कर सामान्य जीवन अपना चुके हैं। साथ ही वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना, अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना भी अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।


पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान प्राप्त होने वाले परिणामों के आधार पर संबंधित अभियुक्तों के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *