
श्रावण माह में मिलावटखोरों पर शिकंजा, 9 क्षेत्रों में छापेमारी, खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश
आजमगढ़। श्रावण माह और आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर 12 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए, जिन्हें जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया।
विभाग की टीम ने निजामाबाद, सरसेना खालसा, गंभीरपुर, महाराजगंज, लाटघाट, जहानागंज, परानापुर, छितौनी और बूढ़नपुर क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पनीर, रिफाइंड सोयाबीन तेल, कलाकंद बर्फी, गुलाब जामुन, बर्फी, मूंगफली का दाना, दूध, अरहर दाल और सरसों के तेल सहित कुल 12 नमूने लिए।

अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा खाद्य विभाग द्वारा जारी पंजीकरण प्रमाणपत्र को प्रतिष्ठान के प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सचल खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से व्यापारियों और आम लोगों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप का प्रचार-प्रसार भी किया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II एवं अभिहित अधिकारी सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि श्रावण माह और त्योहारों के दौरान मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खुले एवं अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे खाद्य पदार्थों का सेवन न करें तथा किसी भी संदिग्ध खाद्य पदार्थ की सूचना विभाग को दें।