
सदर अस्पताल से चोरी हुई बाइक बरामद, आरोपी पर चार जिलों में 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज
आजमगढ़। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के दौरान अंतरजनपदीय ठग-चोर गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस तथा चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई को सदर अस्पताल परिसर से सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध बदमाश अवैध असलहे के साथ बाग लखराव पुलिया के रास्ते शहर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें राजेश यादव (24) निवासी दुल्लहपुर, थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर के पैर में गोली लग गई। वहीं उसका साथी विजय यादव (36) को भागने के प्रयास के दौरान पुलिस ने दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के मुताबिक घायल आरोपी राजेश यादव शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ गाजीपुर, मिर्जापुर, मऊ और आजमगढ़ में चोरी, ठगी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट एवं अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।