
बुलेट और दूसरी बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीनों सवार गंभीर रूप से घायल, अस्पताल पहुंचते ही युवक ने तोड़ा दम
दोहरीघाट जाते समय हुआ हादसा, दो घायलों को जिला अस्पताल किया गया रेफर
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के महुला पीपरौटी के पास मंगलवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, चक्की हाजीपुर गांव निवासी रामअनुज यादव उर्फ गोलू (24) अपने रिश्तेदार रजनीश यादव निवासी धूपगढ़, थाना गोला, जनपद गोरखपुर के साथ मंगलवार दोपहर करीब दो बजे बुलेट मोटरसाइकिल से दोहरीघाट जा रहे थे। महुला पीपरौटी के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक मध्य प्रदेश के सिधौली थाना क्षेत्र के महदईया निवासी दुर्गा प्रसाद विश्वकर्मा चला रहे थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाटघाट पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रामअनुज यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रजनीश यादव और दुर्गा प्रसाद विश्वकर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर रौनापार पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। मृतक के भाई भोला यादव की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
बताया जाता है कि रामअनुज यादव दो भाइयों में छोटे थे। उनकी असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा है। वहीं, गांव में शोक का माहौल है।