600 लाभार्थियों को मिला 100 करोड़ का ऋण, स्वरोजगार को मिली रफ्तार

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


20 बैंकों ने 8,921 लाभार्थियों के लिए स्वीकृत किए 519 करोड़ रुपये, डीएम बोले—ऋण का सदुपयोग कर समय से करें भुगतान

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए गुरुवार को हरिऔध कला केंद्र में आयोजित मंडलीय मेगा क्रेडिट कैंप में 600 लाभार्थियों को करीब 100 करोड़ रुपये की ऋण राशि वितरित की गई। विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत मिले इस ऋण से लाभार्थी व्यवसाय, कृषि, सूक्ष्म एवं लघु उद्यम तथा अन्य आर्थिक गतिविधियों को विस्तार दे सकेंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य पात्र लोगों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ना है। उन्होंने बैंकों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों के ऋण आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
डीएम ने लाभार्थियों को भी ऋण राशि का निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऋण को व्यवसाय में लगाकर आय का साधन मजबूत करें और समय से किश्तों का भुगतान करें। वित्तीय समावेशन, स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के प्रयास विकसित भारत के संकल्प और मिशन-2047 की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
20 बैंकों ने स्वीकृत किए 519 करोड़
मेगा क्रेडिट कैंप के तहत 25 अगस्त से 9 सितंबर 2026 तक मंडल में करीब 20 बैंकों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत 8,921 लाभार्थियों के लिए लगभग 519 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की। इनमें स्वरोजगार, कृषि, सूक्ष्म एवं लघु उद्योग, महिला सशक्तिकरण और अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों से जुड़े लाभार्थी शामिल रहे।
समापन समारोह में 600 लाभार्थियों को करीब 100 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया। बैंक अधिकारियों के अनुसार इससे नए उद्यम स्थापित होने के साथ ही रोजगार के अवसर पैदा होंगे और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
बैंक-प्रशासन के तालमेल पर जोर
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्र प्रमुख (साउथ) इश्तियाक अरशद ने कहा कि बैंक वित्तीय समावेशन और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रहा है। बैंक और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से सरकारी योजनाओं की ऋण सुविधाएं पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाई जा रही हैं।
कार्यक्रम में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (उत्तर) के क्षेत्र प्रमुख मनीष कुमार, भारतीय स्टेट बैंक के आरबीसी प्रमुख अजीत कुमार तिवारी, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के प्रमुख रवि प्रकाश श्रीवास्तव, डीडीओ संजय कुमार सिंह सहित विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी, लाभार्थी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
अतिथियों ने लाभार्थियों से ऋण को केवल आर्थिक सहायता न मानकर स्वावलंबन का माध्यम बनाने की अपील की। उन्होंने व्यवसाय को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने और ऋण की किश्तों का समय से भुगतान करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के अग्रणी जिला प्रबंधक अभिषेक कुमार ने अतिथियों, बैंक अधिकारियों और लाभार्थियों के प्रति आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *