नहर में डूबने से युवक की मौत, सुबह मिला शव, मचा कोहराम

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


गंभीरपुर क्षेत्र के रसूलपुर बाज बहादुर गांव की घटना, मंगलवार शाम नहर में गिरा था युवक; रातभर चला तलाश अभियान

हिंदी न्यूज़ 24
बलरामपुर। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर बाज बहादुर गांव में मंगलवार शाम नहर में गिरे युवक का शव बुधवार सुबह बरामद होने से सनसनी फैल गई। गोसाईं बाजार नहर के पास मिले शव की पहचान गांव निवासी सूरज कुमार (30) पुत्र राजाराम के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, सूरज कुमार मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे गोसाईं बाजार नहर की पुलिया पर बैठा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नहर में गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही गंभीरपुर पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों की मदद से नहर में युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन रात करीब 11 बजे तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
बुधवार सुबह पुलिस ने एक बार फिर गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से नहर में तलाश अभियान चलाया। करीब 9:30 बजे नहर में एक शव दिखाई दिया। गोसाईं बाजार पुलिस चौकी प्रभारी अश्विनी मिश्रा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। बाद में उसकी पहचान सूरज कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी।
मजदूरी कर परिवार का करता था भरण-पोषण
सूरज कुमार घर पर रहकर मजदूरी करता था और इसी से पत्नी व परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी करीब दो वर्षीय बेटी पीहू है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के भाई सोनू ने गंभीरपुर थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *