जीडी ग्लोबल विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की राही धूम, हर्षोल्लास से मना स्वतंत्रता दिवस

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


देशभक्ति गीतों, नृत्य और भाषणों से गूंजा परिसर, विद्यार्थियों ने गौ-सेवा के लिए घर से लाईं दो-दो रोटियां
आजमगढ़। करतालपुर बाईपास स्थित जीडी ग्लोबल विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस का पर्व उल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, ध्वजारोहण, वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे विद्यालय परिसर में तिरंगे की आन-बान-शान के साथ देशप्रेम का माहौल देखने को मिला।


समारोह में विद्यार्थियों ने वाद्य-यंत्र प्रस्तुति, हिंदी-अंग्रेजी भाषण, काव्य पाठ, देशभक्ति गीत और विभिन्न आयु वर्गों की नृत्य प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। नर्सरी से कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष उत्साह और उमंग भर दी। नन्हे बच्चों की प्रस्तुतियों में जहां देशप्रेम की निश्छल अभिव्यक्ति दिखी, वहीं वरिष्ठ विद्यार्थियों ने राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और गौरव की भावना प्रस्तुत की।


गौ-सेवा के लिए विद्यार्थियों ने घर से लाईं दो-दो रोटियां
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय की गौ-सेवा सहभागिता पहल भी आकर्षण का केंद्र रही। प्रत्येक विद्यार्थी अपने घर से दो रोटियां गौ-सेवा के लिए लेकर आया। शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यालय प्रबंधन ने भी इसमें सहभागिता की। एकत्रित रोटियों को विभिन्न गौशालाओं में भेजकर गौ-सेवा में समर्पित किया जाता है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, करुणा, संवेदना और जीव-जगत के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है।


निदेशिका स्वाति अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान से अर्जित अमूल्य धरोहर है। आज के विद्यार्थी ही कल के भारत के निर्माता हैं। उनके संस्कार, अनुशासन और कर्मठता राष्ट्र की दिशा तय करेंगे।


प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि सच्चा देशप्रेम केवल राष्ट्रीय पर्वों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि विचार, व्यवहार और कर्म में दिखाई देना चाहिए। कार्यकारी निदेशक श्रीष अग्रवाल ने विद्यार्थियों से राष्ट्रप्रेम, सेवाभाव और कर्तव्यबोध को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कूटे ने विद्यार्थियों को ज्ञान, एकता और मजबूत चरित्र को जीवन का आधार बनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।


समारोह में वरिष्ठ समन्वयक जीके त्रिपाठी, सुमन यादव समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *