
एनसीसी कैडेट्स ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर, राष्ट्रगान और वंदे मातरम् से गूंजा परिसर
आजमगढ़। शिब्ली नेशनल कॉलेज में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। महाविद्यालय परिसर में सुबह आठ बजे प्राचार्य प्रो. अफसर अली ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान शिक्षकगण, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, प्रशासनिक अधिकारी एवं पत्रकार मौजूद रहे।
समारोह की शुरुआत एनसीसी कैडेट्स की ओर से प्राचार्य प्रो. अफसर अली को गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने से हुई। एनसीसी एएनओ/सीटीओ डॉ. आसिम खान के नेतृत्व में कैडेट्स ने अनुशासन और गरिमा के साथ गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया। इसके बाद छात्राओं की टीम ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन हुआ, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया।

शिक्षकों की भूमिका को बताया अहम
कार्यक्रम में महाविद्यालय के अध्यापक प्रो. अल्ताफ अहमद ने उत्तर प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग की निदेशक प्रो. मोनिका सिंह का स्वतंत्रता दिवस संदेश पढ़कर सुनाया। संदेश में शिक्षकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न कार्यों और प्रयासों की जानकारी दी गई।संदेश में कहा गया कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति केवल सरकारी योजनाओं और कागजी कार्यवाही से संभव नहीं है। इसकी सफलता में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। शिक्षक युवा पीढ़ी को ज्ञान, मूल्य, जिम्मेदारी और राष्ट्रनिर्माण की भावना से जोड़कर विकसित भारत की नींव को मजबूत कर सकते हैं।
स्वतंत्रता अधिकार के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी : प्राचार्य
प्राचार्य प्रो. अफसर अली ने समारोह में उपस्थित सभी शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राओं, प्रशासनिक अधिकारियों एवं पत्रकारों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में शिक्षकों और शिक्षण संस्थानों की भूमिका महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ राष्ट्रप्रेम, नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और संवैधानिक चेतना का विकास करना आज की आवश्यकता है। उन्होंने सभी से अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
तिरंगा सेल्फी पॉइंट पर दिखा उत्साह
समारोह के समापन पर महाविद्यालय परिसर में बनाए गए ‘तिरंगा सेल्फी पॉइंट’ पर शिक्षकगण और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सेल्फी लीं। सेल्फी को शासन की संबंधित वेबसाइट पर अपलोड किया गया। इसके बाद उपस्थित लोगों के बीच मिठाई वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा की गईं।
कई दिनों से चल रही थीं स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां महाविद्यालय में कई दिनों से चल रही थीं। इसके तहत विशाल हर घर तिरंगा यात्रा, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर संगोष्ठी, हर घर तिरंगा अभियान सहित विभिन्न देशभक्ति एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों में महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं और शिक्षकगण ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने महाविद्यालय परिवार में राष्ट्रप्रेम, एकता, अनुशासन और विकसित भारत के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता की भावना को और मजबूत किया।