
भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ ने क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का किया भव्य स्वागत
आजमगढ़। शिवालिक आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज परिसर में मंगलवार की शाम भारतीय जनता पार्टी चिकित्सा प्रकोष्ठ की ओर से भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा प्रकोष्ठ के सह संयोजक डॉ. अशोक कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सूरज सिंह ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष हरि तिवारी एवं डॉ. शौर्य विक्रम सिंह ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत वंदे मातरम् से हुआ। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि आजमगढ़ के सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान है। उन्होंने संगठन की मजबूती में कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
चिकित्सा प्रकोष्ठ के सह संयोजक डॉ. अशोक कुमार सिंह ने कहा कि स्पंदन वार्षिक खेल महोत्सव के प्रतिभागियों का सम्मान करने का अवसर मिलना गौरव की बात है। उन्होंने चिकित्सा प्रकोष्ठ के कार्यों एवं सामाजिक सहभागिता पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण पाल, देवेंद्र सिंह, प्रेम प्रकाश राय, घनश्याम पटेल, नारायण सिंह, शिवगोविंद सिंह, डॉ. विनोद सिंह सहित भाजपा के जिला एवं नगर पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा चिकित्सक मौजूद रहे।