
गुरुटोला-अनंतपुरा में महीनों से बंद स्ट्रीट लाइटें, टूटी नालियां और जर्जर बिजली के पोल बने खतरा, दुर्गा पूजा, दीपावली और डाला छठ से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और डाला छठ को देखते हुए नगर पालिका परिषद आजमगढ़ के वार्ड नंबर 07 गुरुटोला-अनंतपुरा की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय सभासद एवं जिला योजना समिति सदस्य मोहम्मद अफजल ने पालिका प्रशासन के सामने आवाज उठाई है। उन्होंने वार्ड में प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, नालियों और सड़कों की स्थिति में तत्काल सुधार की मांग करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
सभासद के अनुसार वार्ड की समस्याओं को लेकर पहले भी कई बार पालिका प्रशासन को ज्ञापन और मांग पत्र दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। हाल ही में उन्होंने मनोनीत सभासद एवं गुरुटोला निवासी सविता सोनकर और डॉ. पूनम सिंह के साथ मिलकर अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी को आवश्यक मांग पत्र सौंपा।
महीनों से बंद हैं स्ट्रीट लाइटें
मोहम्मद अफजल ने बताया कि वार्ड की मुख्य सड़कों और आंतरिक गलियों में कई स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं। त्योहारों के दौरान लोगों की आवाजाही बढ़ने के मद्देनजर उन्होंने मुख्य मार्गों और गलियों के पोलों पर नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने की मांग की है।
इसके अलावा संवेदनशील चौराहों और अंधेरे वाले स्थानों पर सोलर लाइटें लगाने, बंद पड़ी लाइटों का स्थलीय निरीक्षण कराने और विभागीय टीम भेजकर तत्काल मरम्मत कराने की मांग भी की गई है।
जर्जर बिजली के पोल और लटकते तार बने खतरा
सभासद और स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि वार्ड के कई हिस्सों में बिजली के तार जर्जर हालत में हैं और जगह-जगह लटक रहे हैं। कुछ बिजली के पोल नीचे से जंग लगने के कारण क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। ऐसे में त्योहारों के दौरान भीड़ बढ़ने पर किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, वार्ड के कुछ हिस्से रात में अंधेरे में डूब जाते हैं, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी होती है। वहीं कुछ स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें दिन-रात जलती रहने की शिकायत भी सामने आई है।
एक साल से टूटी पड़ी हैं नालियां
वार्ड की नालियों की स्थिति को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी है। आरोप है कि कई जगह नालियां पिछले एक साल से अधिक समय से क्षतिग्रस्त हैं। कई स्थानों पर नालियों पर पटिया तक नहीं रखी गई है, जबकि क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग की भी मरम्मत नहीं कराई गई है।
इससे लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ ही दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
प्याऊ की टंकियों की सफाई पर भी सवाल
ज्ञापन में पेयजल व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया गया है। सभासद के अनुसार, वार्ड में लोगों के लिए लगाई गई प्याऊ की पानी की टंकियों का समुचित रखरखाव नहीं हो रहा है। टंकियों के भीतर पेड़-पौधों की टहनियां तक पहुंचने की बात कही गई है, जिससे पानी की स्वच्छता को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता है।
‘कागजों में विकास, धरातल पर काम नहीं’—सभासद
सभासद मोहम्मद अफजल ने पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वार्ड के विकास से जुड़े कई कार्य कागजों में स्वीकृत बताए जाते हैं, लेकिन धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने पालिका अध्यक्ष की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान जिम्मेदारियों के निर्वहन पर ध्यान देने की जरूरत है।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
मोहम्मद अफजल ने कहा कि आगामी त्योहारों में श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की आवाजाही बढ़ेगी। ऐसे में प्रकाश व्यवस्था, जर्जर पोल, टूटी नालियों और अन्य समस्याओं का समय रहते समाधान जरूरी है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगर पालिका प्रशासन ने जनहित और त्योहारों की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल ठोस कार्रवाई नहीं की और किए गए कार्यों की लिखित सूचना उपलब्ध नहीं कराई, तो वह स्थानीय जनता के साथ आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।