बिना पंजीकरण संचालित हो रहा पूर्वांचल अस्पताल सील

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


अयोग्य चिकित्सकों से इलाज और गंभीर मरीजों के ऑपरेशन की भी थी शिकायत, स्वास्थ्य विभाग ने की कार्रवाई
बलरामपुर। बिलरियागंज-रौनापार बॉर्डर पर करमैनी गांव स्थित पूर्वांचल अस्पताल के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। बिना पंजीकरण अस्पताल संचालित किए जाने की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल का पंजीकरण नहीं मिला। इसके बाद उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मोहन लाल की मौजूदगी में अस्पताल को सील कर दिया गया।


डिप्टी सीएमओ डॉ. मोहन लाल ने बताया कि पूर्वांचल अस्पताल के बिना पंजीकरण संचालित होने की शिकायत मिली थी। इसके साथ ही निर्धारित चिकित्सकीय योग्यता नहीं रखने वाले चिकित्सकों द्वारा मरीजों का उपचार किए जाने की भी शिकायत थी। अस्पताल में गंभीर मरीजों के उपचार के साथ ऑपरेशन किए जाने की शिकायत को स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता से लिया।
जांच में नहीं मिला अस्पताल का पंजीकरण
शिकायत के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल का संचालन बिना पंजीकरण के होता पाया गया। इसके बाद अधिकारियों ने अस्पताल को तत्काल सील कर दिया और उसके संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया।
संचालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू
अस्पताल सील किए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संचालक के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मोहन लाल समेत स्वास्थ्य विभाग के तीन अधिकारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना पंजीकरण संचालित किए जा रहे अन्य अस्पतालों के संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *