विद्यालय में शराब पीकर हंगामा, शिक्षिकाओं-छात्राओं से अभद्रता का आरोप

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण


पानी की टोटी तोड़ी, बिजली के तार नोचे; प्रधानाध्यापक ने थाने में दी तहरीर, पुलिस जांच में जुटी
बिलरियागंज। क्षेत्र के पतिलागौसपुर प्राथमिक (कम्पोजिट) विद्यालय में गांव के ही एक युवक पर शराब के नशे में हंगामा करने, तोड़फोड़ करने और शिक्षिकाओं व छात्राओं से अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय प्रकाश यादव ने थानाध्यक्ष को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्रधानाध्यापक की ओर से पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, आरोपी युवक आए दिन नशे की हालत में कुछ अराजक तत्वों के साथ विद्यालय में पहुंच जाता है और वहां हंगामा करता है। आरोप है कि हाल ही में उसने विद्यालय की पानी की टोटी तोड़ दी और बिजली के तार भी नोच डाले।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि युवक विद्यालय के गेट पर खड़े होकर महिला शिक्षकों और छात्राओं पर अश्लील टिप्पणियां करता है। वह कथित तौर पर उनकी जबरन फोटो और वीडियो भी बनाता है। विरोध करने पर स्टाफ को मारपीट की धमकी देने का आरोप है। इससे विद्यालय में शिक्षकों और छात्राओं में भय का माहौल बना हुआ है।
प्रधानाध्यापक ने पुलिस से विद्यालय में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रधानाध्यापक की ओर से शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ उचित विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *