
सठियांव में 5.42 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण, सांसद ने भाजपा पर साधा निशाना
हिंदी न्यूज़ 24
सठियांव/आजमगढ़। मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्र में एक वित्तीय वर्ष में 5 करोड़ 42 लाख 55 हजार 588 रुपये की लागत से कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण बुधवार को सांसद धर्मेंद्र यादव ने किया। सठियांव बाजार में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान किया। साथ ही भाजपा पर आरक्षण, पीडीए, महिला सुरक्षा और किसानों के मुद्दे पर जमकर निशाना साधा।

हिंदी न्यूज़ 24
चीनी की कीमत बढ़ी, गन्ने का मूल्य नहीं बढ़ा
सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा के लोगों ने आरक्षण का लाभ छीनने का काम किया है और पीडीए के लोगों को पीछे किया जा रहा है। महिलाओं के साथ अत्याचार किया जा रहा है। उन्होंने सठियांव चीनी मिल का जिक्र करते हुए कहा कि इसके शिलान्यास और उद्घाटन में उन्हें नेताजी के साथ आने का मौका मिला था। ऐसी चीनी मिल कहीं नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों को चीनी मिल से दिक्कत है और उन्हें किसानों की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। चीनी की कीमत बढ़ गई, लेकिन गन्ने का मूल्य नहीं बढ़ाया गया।
हिंदी न्यूज़ 24
सपा सरकार बनी तो महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये देंगे
धर्मेंद्र यादव ने कहा कि आने वाले 2027 के चुनाव में जिले की सभी सीटों पर सपा को पहले से अधिक वोटों से जीत दिलानी है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं को हर वर्ष 40 हजार रुपये दिए जाएंगे।
मुबारकपुर विधायक अखिलेश यादव ने कहा कि मुबारकपुर की धरती उनकी कर्मभूमि है और यहां की जनता उनके लिए देवतुल्य है। क्षेत्र के विकास के लिए मिलने वाली निधि का एक-एक रुपया विकास कार्यों पर खर्च किया गया है।
सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि लोकार्पण कार्यक्रम ने साबित कर दिया कि सपा के लोग विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हैं। पार्टी का उद्देश्य है कि चारों तरफ विकास दिखाई दे।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बलराम यादव, दुर्गा प्रसाद यादव, रामदुलारे राजभर, विधायक संग्राम यादव, बेचई सरोज, नफीस अहमद, पूजा सरोज, एचएन पटेल, पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव, पूर्व विधान परिषद सदस्य कमला प्रसाद यादव, राकेश उर्फ गुड्डू, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष आशा यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमा यादव, महाप्रधान राधेश्याम भारती, वीरेंद्र यादव, जयराम यादव, अल्ताफ अंसारी, शिशुपाल सिंह, जियाउल्लाह अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष शोभनाथ यादव और संचालन बहादुर यादव ने किया।