
26 अगस्त को होगी शिवलिंग व शिव प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा, 20 से 27 अगस्त तक चलेगी शिव महापुराण कथा
सगड़ी/आजमगढ़। तहसील क्षेत्र के चीलरूपुर जो कहरा गांव स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर कुटी पर शिव प्रतिमा एवं शिवलिंग की स्थापना को लेकर गुरुवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा में 551 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर करीब आठ किलोमीटर की पदयात्रा की। इस दौरान पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और शिव के जयकारों से गूंज उठा।
कलश शोभायात्रा सहनूपुर, सहबदिया, सुल्तानपुर, मठिया, परसिया आदि गांवों से होते हुए गागेपुर स्थित सरयू तट पहुंची। यहां विधि-विधान से पूजन के बाद कलश में जल भरा गया। इसके बाद महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु वापस श्रीराम-जानकी मंदिर पहुंचे। आचार्य ने मंत्रोच्चार के बीच कलश का पूजन कराया और उन्हें मंडप में स्थापित कराया। श्रद्धालुओं ने मंडप की परिक्रमा कर जमकर जयकारे लगाए।
जगह-जगह हुआ जलपान का इंतजाम
करीब आठ किलोमीटर की पदयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए मार्ग में जगह-जगह जलपान की व्यवस्था की गई थी। गाजे-बाजे और धार्मिक जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
26 अगस्त को प्राण प्रतिष्ठा, 27 को भंडारा
श्रीराम-जानकी मंदिर कुटी पर 26 अगस्त को शिवलिंग एवं शिव प्रतिमा की विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। वहीं 20 अगस्त से शुरू हुई सात दिवसीय शिव महापुराण कथा का समापन 27 अगस्त को होगा। इसी दिन वृहद भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा एवं धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
आयोजन में पूर्व प्रधानाचार्य नरेंद्र राय, ओम प्रकाश राय, अविनाश राय सोनू, अजीत राय, पीयूष, सुजीत राय, अरुण कुमार सिंह पटेल प्रधान, अमित राय, रामधनी यादव, बेचन पांडे पुजारी समेत क्षेत्र के ग्रामीणों का सहयोग है।