
शिबली इंटर कॉलेज में सघन चेकिंग के दौरान पकड़ा गया परीक्षार्थी, शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा
15 केंद्रों पर 6178 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, 830 रहे अनुपस्थित; एसपी यातायात बोले- सभी केंद्रों पर परीक्षा सकुशल संपन्न
रिपोर्ट : मनोज कुमार गोंड / उदयराज शर्मा
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी की लिखित परीक्षा रविवार को जिले के 15 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 7008 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 6178 परीक्षार्थी उपस्थित और 830 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान शिबली इंटर कॉलेज केंद्र पर सघन चेकिंग में एक परीक्षार्थी कान में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस (ब्लूटूथ) लगाए पकड़ा गया।
परीक्षा केंद्र पर जांच के दौरान परीक्षार्थी की गतिविधि संदिग्ध मिलने पर उसकी सघन तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कान में ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लगा मिला। इसके बाद केंद्र पर मौजूद अधिकारियों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। परीक्षार्थी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पकड़े गए परीक्षार्थी का नाम आलोक पटेल बताया गया है।
शहर कोतवाली में दर्ज कराया जा रहा मुकदमा
एसपी यातायात ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ पकड़े गए परीक्षार्थी के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया जा रहा है। मामले में डिवाइस के इस्तेमाल और परीक्षा में उसकी भूमिका को लेकर आवश्यक जांच की जाएगी।
सभी केंद्रों पर सकुशल संपन्न हुई परीक्षा
एसपी यातायात पंकज श्रीवास्तव के अनुसार शिबली इंटर कॉलेज में एक परीक्षार्थी के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ पकड़े जाने के अलावा जिले के अन्य सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सकुशल संपन्न कराई गई। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा और अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की गई।
200 मीटर दायरे में लागू रही धारा-163
परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 लागू रही। केंद्र परिसर में मोबाइल फोन, पेजर, आईटी गैजेट्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित था। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी।
बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर भी रही निगरानी
परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने के कारण रोडवेज को अतिरिक्त बसों की व्यवस्था के निर्देश दिए गए थे। आजमगढ़ रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भी पुलिस बल की तैनाती कर यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा गया।
परीक्षा का आंकड़ा:
कुल परीक्षार्थी : 7008 | उपस्थित : 6178 | अनुपस्थित : 830