धर्म परिवर्तन कर निकाह करने और परिवार को धमकाने का भी आरोप
आजमगढ़। सरायमीर थाना पुलिस ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर ले जाने, दुष्कर्म और विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में वांछित युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, सरायमीर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने 11 जुलाई को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को एक युवक शादी का झांसा देकर ले गया। आरोप है कि किशोरी के साथ दुष्कर्म किया गया और धर्म परिवर्तन कराकर निकाह करने के साथ ही उसके परिवार को धमकी दी गई।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने बीएनएस, पॉक्सो एक्ट और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर ग्राम कुरियावां से आरोपी मो. गुड्डू पुत्र असलम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।