
33 हजार वोल्ट की लाइन से छुई 15 फीट लंबी लग्घी, मौके पर गई पूनम की जान; ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
आजमगढ़। बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के डड़चा गांव में रविवार को आम तोड़ते समय 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 24 वर्षीय पूनम वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
डड़चा गांव निवासी रामकेश वर्मा की पुत्री पूनम रविवार दोपहर बगीचे में करीब 15 फीट लंबी लग्घी से आम तोड़ रही थी। इसी दौरान लग्घी पेड़ के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गई। तेज करंट की चपेट में आने से पूनम गंभीर रूप से झुलस गई और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूनम बीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद घर पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। वह छह भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हाईटेंशन लाइन के तार काफी नीचे और पेड़ की शाखाओं के करीब झूल रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते तारों और पेड़ों की छंटाई पर ध्यान दिया जाता तो हादसा टाला जा सकता था।