

एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में पुलिस लाइन में रोपे गए पौधे, संरक्षण का लिया संकल्प
आजमगढ़। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान फलदार, छायादार और औषधीय पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन की पत्नी मोहिता जैन, क्षेत्राधिकारी नगर की पत्नी अंजली, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, प्रतिसार निरीक्षक समेत पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन शामिल हुए। सभी ने पौधरोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।
मोहिता जैन ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन, जैव विविधता और प्राकृतिक संतुलन के आधार स्तंभ हैं। आज लगाए गए पौधों का संरक्षण कर आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण दिया जा सकता है।
अभियान के तहत जिले के सभी थाना परिसरों, पुलिस चौकियों और अन्य पुलिस इकाइयों में भी पौधरोपण किया गया। प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने पौधे लगाकर हरित एवं स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया।