
लगभग दो घंटे बाद पुसिल के आश्वासन के बाद युवती टावर से नीचे उतरी
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नूरूद्दीनपुर गांव का मामला
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली के नूरूद्दीनपुर गांव स्थित टाॅवर पर शनिवार को दिन में एक युवती चढ़ गई। वह अपने कथित पुत्र के पिता के घर रहने की मांग कर रही थी। लगभग दो घंटे तक यह हाई वोल्टेज ड्रामा चला। पुलिस के आश्वासन पर युवती टावर से नीचे आई।
नूरुद्दीनपुर गांव निवासी एक ही युवती शनिवार सुबह लगभग 12 बजे गांव स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के टावर पर मोबाइल फोन लेकर चढ़ गई। टावर पर चढ़ने के बाद उसने गांव के ही एक व्यक्ति, जिसे वह अपने पुत्र का पिता बता रही थी, के घर में रहने की मांग करने लगी। घटना की सूचना मिलते ही जीयनपुर कोतवाली से महिला एसआई लक्ष्मी शुक्ला और एसआई संतोष सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने युवती से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क किया और उसकी बात सुनी। काफी देर तक समझाने-बुझाने और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा देने पर लगभग दो घंटे बाद युवती खंभे से नीचे उतरने को तैयार हुई। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस मौके पर तैनात रही और आसपास लोगों की भीड़ लगी रही। विदित हो कि वर्ष 2021 में उक्त युवती ने जीयनपुर कोतवाली में गांव के ही एक व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। बाद में मामला न्यायालय पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। इसके बावजूद युवती कथित रूप से उक्त व्यक्ति के घर में रहने की मांग पर अड़ी हुई थी। पुलिस ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और उसकी शिकायत के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।