

प्रतिनिधिमंडल ने राजधानी लखनउ में किया परिवहन सचिव से मुलाकात
आजमगढ़। अनिश्चितकालीन धरने के बाद वाहन चालक कल्याण समिति का एक प्रतिनिधिमंडल लखनउ पहुंच कर परिवहन सचिव से मिला। इस दौरान 10 सुत्रीय मांगों का ज्ञापन परिवहन सचिव को सौंपा गया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र यादव ने बताया कि परिवहन सचिव बी.के. सिंह को सौंपे गए मांगपत्र में मुख्य रूप से राष्ट्रीय चालक आयोग, ड्राइवर सुरक्षा बोर्ड और चालक कल्याण बोर्ड का गठन किए जाने की मांग शामिल है। इसके अलावा चालकों की समस्याओं को शासन स्तर तक पहुंचाने और उनके त्वरित समाधान के लिए मध्यस्थता करने हेतु एक स्वतंत्र विभाग की स्थापना करने की भी मांग की गई। सुरेश चंद्र यादव ने बताया कि वार्ता के बाद परिवहन सचिव ने विचार-विमर्श के लिए एक हफ्ते का समय मांगा है। साथ ही उन्होंने अन्य मांगों को संबंधित विभागों तक पहुंचाने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। विदित हो कि आजमगढ़ में चल रहे अनिश्चितकालीन धरने के दौरान जब चालकों ने भिक्षाटन और आमरण अनशन की चेतावनी दी, तब चैथे दिन प्रशासन हरकत में आया। इसके बाद आरटीओ प्रवर्तन सुनील दत्त और एआरटीओ प्रवर्तन अतुल कुमार यादव ने खुद धरनास्थल पर पहुंचकर चालकों को सूचित किया कि परिवहन आयुक्त ने उन्हें वार्ता के लिए लखनऊ बुलाया है। परिवहन सचिव से वार्ता के आश्वासन के बाद चालकों ने अपना धरना स्थगित किया था।