फूलपुर में श्रीरामलीला का शुभारंभ, नारद मोह का मंचन देख दर्शक हुए लोटपोट

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


चित्रकूट से आए कलाकारों ने दी शानदार प्रस्तुति, राधा-कृष्ण नृत्य ने मोहा मन हिंदी न्यूज़ 24
फूलपुर (आजमगढ़)। आदर्श रामलीला व दशहरा समिति, फूलपुर की ओर से रामलीला मैदान में शनिवार की रात श्रीरामलीला मंचन का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष लालगंज सूरज श्रीवास्तव ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्शों पर चलने से जीवन सुखमय और आनंदमय बनता है। फूलपुर की रामलीला काफी पुरानी है और इसकी अपनी विशेष पहचान है।
रामलीला मंचन के लिए चित्रकूट से आए कलाकारों ने अपनी सधी हुई प्रस्तुतियां प्रभु श्रीराम के चरणों में समर्पित कीं। पहले दिन कलाकारों ने ‘नारद मोह’ प्रसंग का प्रभावशाली मंचन किया। मंच पर नारद मुनि को बंदर के रूप में देखकर दर्शक हंसी से लोटपोट हो गए। कथा के प्रसंग में दो गण नारद मुनि को उनका बंदर जैसा चेहरा दिखाते हैं। अपना रूप देखकर नारद मुनि क्रोधित हो जाते हैं और वहां से चले जाते हैं। कलाकारों ने अभिनय के माध्यम से इस प्रसंग को जीवंत बना दिया।
इस दौरान राधा-कृष्ण नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति भी हुई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। रामलीला समिति के अध्यक्ष सुरेश कुमार गुप्ता ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर अंशुमान जायसवाल, अजय जायसवाल, प्रतीक जायसवाल, अवनीश आर्य, राहुल जायसवाल, शिवम सेठ, सुनील सोनी, कृष्ण कुमार पांडेय, रामू मोदनवाल, आशीष रावत, अंगद सोनकर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *