
बिलरियागंज के श्रीनगर (सियरहां) में राधा-कृष्ण मंदिर से करीब एक किमी दूर मिला शव, मृतक की उम्र करीब 48 वर्ष
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के श्रीनगर (सियरहां) स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से करीब एक किलोमीटर पश्चिम सेहदा मार्ग पर सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की जानकारी होते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
बताया गया कि सोमवार सुबह सेहदा मार्ग पर लोगों ने सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना आसपास के लोगों को हुई तो मौके पर भीड़ जुट गई। मृतक की उम्र करीब 48 वर्ष प्रतीत हो रही है। हालांकि, अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
सूचना मिलते ही बिलरियागंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही मृतक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल व्यक्ति की मौत कैसे हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव की शिनाख्त कराने के प्रयास जारी हैं।