कक्षा में शिक्षक की भूमिका में नजर आए डीएम, बच्चों से पूछा- क्या बनना चाहते हो?

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर


अटल आवासीय विद्यालय गंभीरवन के आकस्मिक निरीक्षण में डीएम ने परखी पढ़ाई, भोजन, सुरक्षा और साफ-सफाई की व्यवस्था
आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार शुक्रवार को अटल आवासीय विद्यालय गंभीरवन के आकस्मिक निरीक्षण पर पहुंचे। कक्षाओं में पहुंचकर उन्होंने छात्र-छात्राओं से पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के लक्ष्य को लेकर संवाद किया। इस दौरान डीएम शिक्षक की भूमिका में नजर आए और बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने के साथ अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।


बच्चों से पूछा- किस विषय में रुचि और क्या बनना चाहते हैं
जिलाधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से पढ़ाई-लिखाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से उनकी पसंद के विषय, पढ़ाई में आने वाली समस्याओं और भविष्य में वे क्या बनना चाहते हैं, इस बारे में पूछा। डीएम ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ उनकी प्रतिभा और रुचियों को भी प्रोत्साहित करना जरूरी है।


संगीत कक्षा में दिखी बच्चों की प्रतिभा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी संगीत कक्षा में भी पहुंचे। उन्होंने संगीत में रुचि रखने वाले बच्चों से विभिन्न वाद्य यंत्र बजवाकर उनकी प्रतिभा देखी और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने बच्चों को नियमित अभ्यास करने तथा अपनी रुचि के क्षेत्र में लगातार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।


बच्चों से लिया भोजन का फीडबैक
डीएम ने विद्यालय में छात्र-छात्राओं को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और मेन्यू के संबंध में बच्चों से सीधे फीडबैक लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन की गुणवत्ता की नियमित निगरानी हो।


अग्निशमन उपकरणों की जांच, सफाई पर जोर
जिलाधिकारी ने विद्यालय में लगे अग्निरोधी उपकरणों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी उपकरणों की नियमित जांच कर उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने और निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों और स्टाफ को जरूरत पड़ने पर अग्निशमन उपकरणों के संचालन की जानकारी देने पर भी जोर दिया।


विद्यालय परिसर, कक्षाओं और अन्य स्थानों की साफ-सफाई का जायजा लेते हुए डीएम ने स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उप श्रमायुक्त राजीव सिंह, सहायक श्रमायुक्त पवन कुमार, विद्यालय प्रबंधन समेत संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *