
बरदह थाने में पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने शुरू की जांच
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के पुरसुण्डी गांव में एक महिला के साथ मारपीट और गर्म पानी फेंककर चेहरा झुलसाने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता कैलाश बनवासी निवासी लौदह इमादपुर, थाना मेहनगर की तहरीर पर पुलिस ने महिला के पति आलोक बनवासी पुत्र प्रकाश बनवासी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार कैलाश बनवासी की बेटी की शादी पुरसुण्डी गांव निवासी आलोक बनवासी के साथ हुई है। आरोप है कि आलोक आए दिन शराब पीकर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता है।
कैलाश ने पुलिस को बताया कि 9 अगस्त को आरोपी शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। जब उसे ऐसा करने से मना किया गया तो उसने कथित तौर पर गर्म पानी महिला के शरीर पर फेंक दिया। इससे उसका चेहरा बुरी तरह झुलस गया। पीड़िता किसी तरह वहां से बचकर निकली और फोन कर अपने मायके वालों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी पूर्व में भी महिला के साथ मारपीट करता रहा है। इसके अलावा वह उसे जान से मारने की धमकी देने के साथ गाली-गलौज भी करता है।
मामले में बरदह पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 351(3), 352 और 118(1) के तहत एफआईआर दर्ज की है। मुकदमा 10 अगस्त 2026 को रात 10:06 बजे दर्ज किया गया।