
पवई थाना क्षेत्र के हेवती डीहवा गांव की घटना, महकमे में हड़कंप, इलाके में सनसनी
डाॅग स्क्वायड, फोरेंसिक टीम जांच में जुटी, घर से 100 मीटर दूर खेत से कुल्हाड़ी बरामद
आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के हेवती डीहवा गांव में गुरूवार/शुक्रवार की देर रात लगभग दो बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब दादा पोता का हत्या कर फेका हुआ शव बरामद हुआ। दोहरे हत्याकांड को लेकर ग्रामीणो के साथ ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एसपी आरए के नेतृत्व में पुलिस पफोर्स मौके पर पहुंच कर गई और दोनो शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही जांच पड़ताल में जुट गई।

हेवती डीहवा गांव निवासी अंकित 25 गुरूवार की रात अपने घर पर चचेरी दादी फूलमती व भाईयों के साथ सोया था। देर रात अज्ञात हमलावर घर में घुसे और सो रहे अंकित पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। अंकित की चीख व घर में अज्ञात लोगों के घुसे होने का आभास होने पर फूलमती की नींद खुली तो वह अंकित को खून से लतपथ देखा। फूलमती ने तत्काल अंकित के चचेरे भाईयों को जगाया और उसे लेकर तुरन्त सीएसी नगपुर अंबेडकरनगर ले कर गई, जहां डाॅक्टरों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया।

अंकित के दादा 70 वर्षीय जगदंबा प्रसाद यादव रोज की भांति घर से 300 मीटर की दूरी पर स्थित अपने ट्यूबवेल पर सोए थे। अंकित के मौत की सूचना देने परिजन जब ट्यूबवेल पर पहुंचे तो वहां जगदंगा प्रसाद भी मृत हाल में मिले। उनके गले व शरीर पर भी धारदार हथियार से वार के कई निशान थे। दोहरे हत्याकांड की जानकारी होते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पवई थाना पुलिस के साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन भी मौके पर पहुंच गए। डाॅग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम ने भी पहुंच कर मौके पर जांच पड़ताल शुरू कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दादा-पोते के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों के घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर खेत में खून से सनी एक कुल्हाड़ी बरामद की गई है।
रात लगभग दो बजे घटना की सूचना मिली थी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। शुरुआती जांच में पारिवारिक लेनदेन और क्लेश का मामला सामने आया है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण।