
मां का आरोप—बेटी पर साथ चलने का दबाव, विरोध करने पर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी; बेटे को भी जान से मारने की धमकी
सिधारी थाने में मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच; शिकायतकर्ता ने ऑडियो रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया के स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंपे
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र में एक युवती की फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। युवती की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66D के तहत कार्रवाई की गई है।
शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि आरोपी युवक उनकी बेटी को लगातार परेशान और धमकाता है। आरोप है कि उसने युवती की फोटो को एडिट कर अपने Instagram अकाउंट से शेयर और प्रसारित किया। इसके साथ ही युवती पर अपने साथ जाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यदि युवती आरोपी के साथ नहीं जाती है तो उसकी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जा रही थी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके इकलौते बेटे को जान से मारने की धमकी दी है। इन धमकियों के चलते पूरा परिवार भयभीत है।
महिला के मुताबिक, आरोपी की धमकी से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग उसके पास सुरक्षित है। शिकायतकर्ता ने आरोपी के Instagram अकाउंट से संबंधित स्क्रीनशॉट और कथित रूप से एडिट की गई फोटो-वीडियो से जुड़े स्क्रीनशॉट भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कानूनी कार्रवाई करने, डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित कराने तथा अपनी बेटी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। FIR में विवेचना अधिकारी के रूप में निरीक्षक शिव कुमार यादव का नाम दर्ज है।