


मेंहनाजपुर के डंडवल गांव की घटना, मचा कोहराम, देवगॉव के सराय गांव का था निवासी
आजमगढ़। मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के डंडवल गांव में मंगलवार की रात दोस्त के बहन की शादी में शामिल होने गए दो युवको पर अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना में घायल एक युवक की इलाज के लिए जाते समय रास्ते में मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन मृत युवक का शव लेकर मेहनाजपुर थाने पहुंचे तो पुलिस में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल हुआ का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

तरवां थाना क्षेत्र के किशुनदासपुर निवासी अगस्त त्रिपाठी के यहां से मंगलवार की रात बारात मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के डंडवल गांव आई थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण लहुआ कला नसीरपुर निवासी युवती का विवाह उसके नाना लालजी दुबे के घर से कराया जा रहा था। युवती के भाई गौरव पाण्डेय ने अपने दोस्त आनंद राजभर निवासी सराय, थाना देवगांव को शादी में आमंत्रित किया था। शादी समारोह में भोजन के दौरान आनंद राजभर का कुछ लोगों से विवाद हो गया। विवाद के बाद उसने सुरक्षित घर लौटने के लिए अपने गांव के साथियों को बुला लिया। आनंद के बुलाने पर उसके गांव से प्रीतेश राजभर (20) व ओटू राजभर (26) मौके पर पहुंचे। आरोप है कि गांव पहुंचते ही पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात लोगों ने दोनों युवकों पर हमला कर दिया। हमले में प्रीतेश और ओटू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले सीएचसी मेहनाजपुर ले जाया गया जहां से दोनों जिला अस्पताल रेफर कर दिए गए। प्रीतेश की हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। निजी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक प्रीतेश के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपनी मां का इकलौता बेटा था और उसकी दो छोटी बहनें हैं। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं घायल ओटू राजभर का अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित होकर मेहनाजपुर थाने पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।