
आजमगढ़ में तीन लोगों पर ठगी और धमकी देने का आरोप, नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। विदेश भेजने और अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 45 हजार रुपये लेने और रकम वापस मांगने पर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित लवकुश गौड़ की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नई बाजार सरायमीर निवासी लवकुश गौड़ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी दोस्ती कुछ महीने पहले सरायमीर क्षेत्र के राहुल यादव से हुई थी। राहुल ने खुद को मार्टीनगंज में एसडीएम का चालक बताया था। आरोप है कि राहुल यादव ने अपने साथी अर्जुन यादव और जूलीध यादव उर्फ सिपाही के साथ मिलकर उसे विदेश भेजने और अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
पीड़ित के मुताबिक, विदेश भेजने और नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 45 हजार रुपये नकद लिए गए। बाकी पांच हजार रुपये विदेश जाते समय देने की बात तय हुई थी। आरोप है कि काफी समय बीतने के बाद भी उसे विदेश नहीं भेजा गया और न ही उसकी रकम वापस की गई।
लवकुश का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगे। उन्होंने कहा कि उनके मेन मालिक अभिषेक यादव पुत्र वेद प्रकाश यादव, निवासी कनैथा, थाना सरायमीर, आजमगढ़, नेता हैं और इस समय अपने निजी काम में व्यस्त हैं। उनके खाली होने पर उसका काम करा दिया जाएगा। पीड़ित के अनुसार, आरोपी उसे कई दिनों तक गुमराह करते रहे।
पैसे मांगने पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप
पीड़ित ने तहरीर में बताया कि एक सितंबर 2026 को राहुल यादव, अर्जुन यादव और अभिषेक यादव ने उसे रुपये देने के लिए अबसेन तिराहा, आजमगढ़ पर बुलाया। वहां पहुंचने पर आरोपियों ने कथित तौर पर एक राय होकर उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर मारपीट की और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने नगर कोतवाली पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352, 351(3) और 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार मिश्रा को सौंपी गई है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।