

भोर में चौकी पर सो रहे रामाश्रय को जहरीले सर्प ने डसा, जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
हिंदी न्यूज़ 24
बलरामपुर। सिधारी थाना क्षेत्र के समेदा गांव में बृहस्पतिवार की भोर सर्पदंश से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।
समेदा गांव निवासी रामाश्रय राम (50) पुत्र स्व. बृजलाल मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार, बृहस्पतिवार की भोर करीब चार बजे रामाश्रय करकट में बनी चौकी पर सो रहे थे। इसी दौरान किसी जहरीले सर्प ने उनके बाएं हाथ में डस लिया।
सर्पदंश का पता चलने पर परिजन आनन-फानन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल आजमगढ़ लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रामाश्रय को मृत घोषित कर दिया।
रामाश्रय की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। रामाश्रय दो पुत्र और एक पुत्री के पिता थे। मजदूरी कर वह परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर है।