
आजमगढ़। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में बड़ी कार्रवाई की है। इसके तहत महराजगंज में स्थित एक अवैध नर्सिंग होम को सीज किया गया तो वही एक सीज पैथोलॉजी को नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया।
महराजगंज क्षेत्र में अवैध चिकित्सकीय प्रतिष्ठानों के खिलाफ शनिवार को स्वास्थ्य महकमे ने बड़ी कार्रवाई की। डीएम रविंद्र कुमार व सीएमओ
डॉ. एनआर वर्मा के निर्देश पर चलाये गए इस अभियान में बिना वैध पंजीकरण और मानकों के विपरीत चल रहे चिकित्सकीय प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई। डिप्टी सीएमओ व निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी आलेन्द्र कुमार के नेतृत्व में महकमे की टीम ने शनिवार को महराजगंज क्षेत्र में निरीक्षण किया। इस दौरान शिवा नर्सिंग होम का पंजीकरण केवल क्लीनिक के रूप में पाया गया। जबकि वहां अवैध रूप से नर्सिंग होम, वार्ड और ऑपरेशन थिएटर का संचालन किया जा रहा था। जो संबंधित नियमों और मानकों का स्पष्ट उल्लंघन है। इस नर्सिंग होम के संबंध में एक बच्चे की मृत्यु की शिकायत भी मिली थी। गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर वार्ड और ऑपरेशन थिएटर को तत्काल सीज कर दिया गया। इसके साथ ही अग्रिम विधिक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई। वही महराजगंज थाने के पास संचालित दीपिका पैथोलॉजी का भी निरीक्षण किया गया। जहाँ वैध पंजीकरण उपलब्ध नहीं पाया गया। संचालक को तीन कार्यदिवस के भीतर स्पष्टीकरण और आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी की गई।
” जनपद में अवैध रूप से संचालित किसी भी चिकित्सकीय प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा। बिना वैध अनुमति और मानकों की अनदेखी कर आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। ऐसे अस्पतालों, नर्सिंग होम, क्लीनिकों और पैथोलॉजी केंद्रों के विरुद्ध पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई होगी। दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
डॉ. एनआर वर्मा, सीएमओ, आजमगढ़।