भाजपा जिला कार्यालय में बैठक के दौरान वरिष्ठ नेता का नाम मंच से नहीं लिए जाने पर शुरू हुआ विवाद, देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंचा।
जिला अध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह और वरिष्ठ नेता ज्ञानू सिंह के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई की चर्चा, थप्पड़बाजी की भी चर्चा, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में रविवार को आयोजित बैठक उस समय हंगामे में बदल गई, जब मंच से एक वरिष्ठ पार्टी नेता का नाम नहीं लिए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। देखते ही देखते मामला कहासुनी से बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गया। जिला अध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह और वरिष्ठ नेता ज्ञानू सिंह के बीच कथित तौर पर हाथापाई और थप्पड़बाजी की बात भी सामने आ रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पार्टी के भीतर और बाहर इसकी चर्चा तेज हो गई है।
प्रदेश उपाध्यक्ष और जिला प्रभारी डॉ धर्मेंद्र सिंह की मौजूदगी में हुआ विवाद
भाजपा जिला कार्यालय में रविवार को आयोजित बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष, एमएलसी एवं जिला प्रभारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह सहित जिले के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। बैठक शुरू होने के दौरान मंच से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के नाम लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान वरिष्ठ नेता ज्ञानू सिंह का नाम नहीं लिया गया, जिस पर उन्होंने आपत्ति जताई।
कहासुनी के बाद बढ़ा मामला, बीच-बचाव कर कराया शांत
नाम नहीं लिए जाने को लेकर शुरू हुई नाराजगी देखते ही देखते जिला अध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह और ज्ञानू सिंह के बीच तीखी कहासुनी में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई की स्थिति बन गई। थप्पड़बाजी की बात भी सामने आ रही है। हंगामा बढ़ने पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, भाजपा की अनुशासन वाली छवि पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान हुए इस पूरे घटनाक्रम का किसी ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा जिला कार्यालय में हुए विवाद को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
सपा के बाद अब भाजपा कार्यालय का वीडियो बना चर्चा का विषय
आजमगढ़ में राजनीतिक दलों की बैठकों के दौरान हुए विवाद सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनते रहे हैं। हाल ही में समाजवादी पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव को कुर्सी नहीं मिलने का वीडियो वायरल हुआ था। वहीं गोरखपुर में सपा की बैठक के दौरान कथित हाथापाई और थप्पड़बाजी का मामला भी सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा था।
अब भाजपा के जिला कार्यालय में बैठक के दौरान कथित हाथापाई और थप्पड़बाजी का वीडियो सामने आने के बाद मामला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, वायरल वीडियो और सामने आई चर्चाओं की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पार्टी की ओर से इस घटनाक्रम को लेकर आधिकारिक रूप से क्या स्पष्टीकरण दिया जाता है, इस पर भी नजर बनी हुई है।