प्राकृतिक आपदा में उजड़े दो परिवारों के लिए ‘प्रयास’ बना सहारा

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


प्रयास अनाज बैंक ने पहुंचाई राहत सामग्री, राशन के साथ बच्चों को दिए स्कूल बैग और कॉपियां

मिट्टी के घर जमींदोज होने से तबाह हुई गृहस्थी, संस्था के सहयोग से पीड़ित परिवारों के चेहरों पर लौटी राहत और उम्मीद की चमक हिंदी न्यूज़ 24

आजमगढ़। प्राकृतिक आपदा में अपना आशियाना और गृहस्थी का सामान गंवा चुके दो परिवारों की मदद के लिए प्रयास सामाजिक संगठन आगे आया। संगठन ने प्रयास अनाज बैंक के माध्यम से दोनों पीड़ित परिवारों को खाद्यान्न, कपड़े, गृहस्थी का जरूरी सामान और बच्चों की पढ़ाई की सामग्री उपलब्ध कराकर मानवीय संवेदना की मिसाल पेश की।
भीषण बारिश के दौरान फरिहां गांव में मिट्टी के दो घर जमींदोज हो गए थे, जिससे दोनों परिवारों की गृहस्थी पूरी तरह तबाह हो गई। पीड़ित परिवारों की स्थिति की जानकारी प्रयास सामाजिक संगठन के साथियों को अबू बकर के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही संगठन ने तत्काल पहल करते हुए दोनों परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई।
राहत सामग्री लेकर जब संस्था के साथी पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे तो राशन और जरूरत का सामान देखते ही महिलाओं के चेहरों पर मायूसी की जगह राहत और उम्मीद की चमक दिखाई दी। परिजनों ने संस्था के इस सहयोग के लिए आभार जताया।
संगठन की ओर से दोनों परिवारों को दो बोरी आटा, चावल, आलू, साड़ी और कपड़े उपलब्ध कराए गए। वहीं, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए स्कूली बैग और कॉपियां भी दी गईं। आपदा के बीच मिली इस सहायता से परिवारों को तत्काल राहत मिली और उन्हें यह भरोसा भी मिला कि मुश्किल वक्त में समाज उनके साथ खड़ा है।
प्रयास सामाजिक संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय प्रभावित परिवारों तक तत्काल आवश्यक सामग्री पहुंचाना संस्था की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए संगठन लगातार प्रयासरत है।
वहीं केंद्रीय अध्यक्ष रणजीत सिंह ने कहा कि प्रयास अनाज बैंक के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को यथासंभव खाद्यान्न और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि आपदा की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना सामाजिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान ओम नारायण श्रीवास्तव, रणजीत सिंह सहित संस्था के अन्य साथी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *