
निजामाबाद थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव का मामला, घायलों में चाचा भतीजा शामिल
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में चाचा-भतीजे पर धारदार हथियारों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार, 19 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9:45 बजे राजमणि अपने दरवाजे पर निर्माण कार्य करा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान अमन, अर्पित, मुकेश, रामदयाल और निशा हथियार, लाठी-डंडा, लोहे की रॉड और फावड़ा लेकर पहुंचे और हमला कर दिया।
शोर सुनकर बचाने पहुंचे इन्द्रेशमणि त्रिपाठी पर भी फावड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से लगातार हमला किया और मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में गंभीर हालत में मंडलीय चिकित्सालय, आजमगढ़ रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।